बिहार विधान परिषद चुनाव : जन सुराज पार्टी ने तीन और उम्मीदवार घोषित किए

Ads

बिहार विधान परिषद चुनाव : जन सुराज पार्टी ने तीन और उम्मीदवार घोषित किए

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 05:43 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 05:43 PM IST

पटना, 24 सितंबर (भाषा) जन सुराज पार्टी ने बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को तीन और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए।

पार्टी इससे पहले 20 सितंबर को पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है।

इन चुनावों में कुल आठ सीटों के लिए मतदान होगा, जिनमें चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सभी सीटों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

जन सुराज पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार, पार्टी ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विमोहन कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा को उम्मीदवार बनाया है।

इससे पहले 20 सितंबर को पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर ने पांच उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इनमें सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पुनः चुनाव लड़ रहे अफाक अहमद, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अधिवक्ता एवं शिक्षाविद् दिव्य ज्योति, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एस. पी. राय, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवींद्र यादव और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन शामिल हैं।

इन सीटों पर वर्तमान सदस्यों नीरज कुमार (पटना स्नातक), सर्वेश कुमार (दरभंगा स्नातक), बंसीधर ब्रजवासी (तिरहुत स्नातक), एन. के. यादव (कोसी स्नातक), नवल किशोर यादव (पटना शिक्षक), मदन मोहन झा (दरभंगा शिक्षक), संजय कुमार सिंह (तिरहुत शिक्षक) और अफाक अहमद (सारण शिक्षक) का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होगा।

चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी। उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी।

भाषा कैलाश

राजकुमार अविनाश

अविनाश