मुजफ्फरपुर में पुलिस-मुठभेड़ में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का मुख्य आरोपी घायल और गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में पुलिस-मुठभेड़ में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का मुख्य आरोपी घायल और गिरफ्तार
पटना, 17 जून (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में चर्चित प्रॉपर्टी डीलर अमित रंजन हत्याकांड का मुख्य आरोपी अमित सिंह गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मुशहरी थाना क्षेत्र के मटौलिया बांध के समीप तड़के करीब ढाई बजे बिहार पुलिस की एक विशेष टीम संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों ने पुलिस का घेरा तोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि पीछा किए जाने पर दोनों अपराधियों ने सरकारी वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी अमित सिंह के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अमित सिंह वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र का निवासी है और वह पिछले महीने मुशहरी में हुए प्रॉपर्टी डीलर अमित रंजन की हत्या के मामले में मुख्य नामजद आरोपी है।
अधिकारियों ने बताया कि अमित सिंह के खिलाफ महुआ थाना में वर्ष 2018 से 2024 के बीच रंगदारी, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम से जुड़े चार गंभीर मामले दर्ज हैं। अदालत के आदेश पर उसके घर की कुर्की भी की जा चुकी थी, लेकिन वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पत्रकारों से उन्होंने कहा अमित पिछले महीने हुई प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का मुख्य आरोपी है।
फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध देसी पिस्तौल, पांच कारतूस, एक लावारिस मोटरसाइकिल तथा कुछ अन्य सामान बरामद किया है।
घायल अमित सिंह को इलाज के लिए श्रीकृष्ण सिंह चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में मुशहरी थाना में एक नया मामला भी दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
भाषा कैलाश मनीषा
मनीषा

Facebook


