बिहार से ज्यादातर अपराधी नेपाल भाग गये हैं : सम्राट चौधरी

Ads

बिहार से ज्यादातर अपराधी नेपाल भाग गये हैं : सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 08:44 PM IST

पटना, 28 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति किसी प्रकार की कोई नरमी नहीं बरतने की नीति पर कायम रहेगी।

उन्होंने दावा किया कि अधिकांश अपराधी राज्य छोड़कर पड़ोसी नेपाल में शरण ले चुके हैं।

चौधरी ने मुंगेर जिले के टेटिया ग्राम पंचायत में आयोजित ‘पंचायत विकास दिवस’ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भी सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा, “बिहार आगे बढ़ रहा है। अपराध और भ्रष्टाचार के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हमारी सरकार ने राज्य को आपराधिक तत्वों से मुक्त करने का संकल्प लिया है। इनमें से अधिकांश लोग पहले ही बिहार छोड़कर नेपाल भाग चुके हैं और जो बचे हैं, उन्हें भी नेपाल जाना पड़ेगा। ”

चौधरी ने राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में हर महीने के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ मनाये जाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि इस पहल से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने तथा उनके समाधान के लिए समय पर निर्णय लेने का एक नियमित मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों को गरीबी मुक्त, स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर समुदायों में बदलना है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप