राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को राजग नेताओं ने बधाई दी

राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को राजग नेताओं ने बधाई दी

राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार को राजग नेताओं ने बधाई दी
Modified Date: April 10, 2026 / 03:12 pm IST
Published Date: April 10, 2026 3:12 pm IST

पटना, 10 अप्रैल (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य नेताओं ने शुक्रवार को नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर उन्हें बधाई दी।

कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी उपस्थित थे।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में आपका ऐतिहासिक योगदान है। मजबूत आधारभूत संरचना का निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, महिला सशक्तिकरण की प्रभावी पहल तथा सुदृढ़ कानून-व्यवस्था ने राज्य को नई पहचान दी है।’’

उन्होंने कहा कि कुमार ने संसद के दोनों सदनों और बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य रहने का ‘‘ऐतिहासिक गौरव’’ हासिल किया है।

चौधरी ने विश्वास जताया कि उनका अनुभव, दृष्टि और जनकल्याण के प्रति समर्पण राज्यसभा में राष्ट्रीय नीतियों को नई दिशा देगा।

चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने ‘‘न्याय के साथ विकास’’ के मंत्र के तहत प्रगति और समावेशी विकास का नया अध्याय लिखा है।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नीतीश कुमार जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मैं उनके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करता हूं।’’

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनका लंबा राजनीतिक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता संसद में बिहार की आवाज को बुलंद करेगी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में राज्य और राष्ट्र के समग्र विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।’’

भाषा कैलाश मनीषा संतोष

संतोष


लेखक के बारे में