बिहार में राजग फिर बनाएगी सरकार, प्रचंड बहुमत मिलेगा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

Ads

बिहार में राजग फिर बनाएगी सरकार, प्रचंड बहुमत मिलेगा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

  •  
  • Publish Date - October 6, 2025 / 07:45 PM IST,
    Updated On - October 6, 2025 / 07:45 PM IST

पटना, छह अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सोमवार को विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की।

छह और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।

निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद दिलीप जायसवाल ने ‘एक्स’ पर कहा कि राजग का हर कार्यकर्ता राज्य के विकास और समृद्धि के लिए दृढ़ संकल्पित है।

उन्होंने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि जनता विकास को चुनेगी और बिहार को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के लिए एक बार फिर राजग को बहुमत देगी। आइए हम सब एकजुट होकर बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। राजग दोबारा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा।”

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी ‘एक्स’ पर कहा, “जनता एक बार फिर राजग सरकार को चुनेगी। यह समय है अपने अधिकारों का समझदारी से उपयोग करने का और अपने भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने का… राज्य में राजग सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को पहचानिए।”

उन्होंने कहा, “बुनियादी ढांचे, सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में राजग सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों के लिए एक बार फिर राजग को वोट दें। आइए, विकसित बिहार के सपने को साकार करें।”

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र