संभल के सौंधन किले से हटाये जाएंगे कब्जे, कब्जेदारों का किया जाएगा पुनर्वास

Ads

संभल के सौंधन किले से हटाये जाएंगे कब्जे, कब्जेदारों का किया जाएगा पुनर्वास

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 02:36 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 02:36 PM IST

संभल (उप्र), 20 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने संभल के ऐतिहासिक सौंधन किले के संरक्षण के लिये उसमें रह रहे लोगों का कब्जा हटाकर उनके पुनर्वास का फैसला किया है।

अधिकारियों के मुताबिक संभल स्थित सौंधन किले में रह रहे 21 लोगों को 100—100 गज जमीन पट्टे पर देकर उनका पुनर्वास किया जाएगा और उन्हें सभी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी।

संभल के उप जिलाधिकारी विकास चंद्र ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि सौंधन किला मुगलकाल का है और इसका निर्माण वर्ष 1645 में मुगल बादशाह शाहजहां के शासन काल में कराया गया था।

उन्होंने बताया कि सौंधन का ऐतिहासिक किला भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित स्थल है और किले के अंदर लोगों के रहने की वजह से उसके संरक्षण को लेकर चुनौती बनी हुई है, ऐसे में राज्य सरकार ने उन्हें बेदखल के बजाय पहले उनके पुनर्वास का रास्ता चुना है।

चंद्र ने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश पर मौके का निरीक्षण किया गया है और किले के अंदर रह रहे लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करने के बाद उन्हें वहां से विस्थापित किया जाएगा।

उप जिलाधिकारी ने बताया कि किले में रह रहे कुल 21 लोगों को 100—100 गज जमीन पट्टे पर आबंटित करने की स्वीकृति दी जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि इसके लिए गांव के बिल्कुल पास ही सरकारी भूमि चिह्नित की गई है, जो नवीन परती और बंजर श्रेणी की है और साथ ही पुनर्वास स्थल पर जरूरी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

गौरतलब है कि राज्य सरकार संभल की पुरानी इमारतों, बंद मंदिरों और कूपों के पुनरुद्धार के लिये खासी सक्रिय है।

भाषा सं. सलीम मनीषा रंजन

रंजन