बिहार में राजग को प्रचंड बहुमत मिलेगा: दिलीप जायसवाल

बिहार में राजग को प्रचंड बहुमत मिलेगा: दिलीप जायसवाल

बिहार में राजग को प्रचंड बहुमत मिलेगा: दिलीप जायसवाल
Modified Date: November 14, 2025 / 12:16 pm IST
Published Date: November 14, 2025 12:16 pm IST

पटना, 14 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जासवाल ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ एक फिर सत्ता में वापसी करेगा।

जायसवाल ने कहा कि रुझान वही दर्शा रहे हैं, जिसका संकेत दोनों चरणों के मतदान के दौरान मतदाताओं ने दिए थे।

निर्वाचन आयोग के दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राजग 243 सीटों में 186 सीटों पर आगे था, जबकि महागठबंधन लगभग 46 सीटों पर ही बढ़त बनाए हुए था।

राजग के घटक दलों में भाजपा 82 सीटों, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 75 सीटों, सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 22 सीटों, हिंदुस्तान अवामी मोर्चा (से) चार और राष्ट्रीय लोक मार्चा तीन सीटों पर आगे था।

महागठबंधन में राजद की 35 सीटों पर बढ़त थी। कांग्रेस सात और भाकपा (माले) लिबरेशन छह पर तथा माकपा एक सीट पर आगे थी।

जायसवाल ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में ने कहा कि जनता का रुख कभी अस्पष्ट नहीं था।

उन्होंने कहा, “पहले और दूसरे चरण में ही मतदाताओं के चेहरे और उनके शब्द बता रहे थे कि राजग सरकार वापस आ रही है।”

उन्होंने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने “दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी” तथा बिहार के ‘विकास पुरुष’ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है।

विपक्ष द्वारा शुरुआती आंकड़ों को अप्रासंगिक बताने पर भी जायसवाल ने कहा कि जनादेश की रूपरेखा स्पष्ट दिख रही है।

उन्होंने कहा, “ये रुझान हैं, मानता हूं। एग्जिट पोल भी सटीक नहीं होते। लेकिन मुझे जनता के जनादेश पर पूरा भरोसा है। बस इंतजार कीजिए और देखिए।”

नीतीश कुमार के नेतृत्व को लेकर उठते सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता ने इन्हें “मीडिया द्वारा गढ़ी गई कहानियां” बताया।

नीतीश कुमार के सरकारी आवास के बाहर लगे ‘टाइगर जिंदा है’ वाले पोस्टरों का जिक्र होने पर जायसवाल मुस्कुराए और बोले, “उनका कद बाघ से बड़ा है। बहुत बड़ा।”

भाषा हक

भाषा कैलाश

मनीषा हक

हक


लेखक के बारे में