नीतीश ने समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्णिया व कटिहार में 895 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की शुरुआत की
नीतीश ने समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्णिया व कटिहार में 895 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की शुरुआत की
पूर्णिया/कटिहार, 12 मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान पूर्णिया और कटिहार जिलों में लगभग 895 करोड़ रुपये की कई विकास योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान दोनों जिलों में क्रियान्वित की जा रही योजनाओं और विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, “मुख्यमंत्री ने पूर्णिया में 485 करोड़ रुपये की लागत वाली 92 से अधिक योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की। इनमें 164 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 84 योजनाओं का उद्घाटन और लगभग 321 करोड़ रुपये की करीब 10 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।”
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने राज्य राजमार्ग-60 से मां पुरन देवी मंदिर तक नवनिर्मित दो-लेन सड़क का उद्घाटन किया। इसके अलावा लाइन बाजार चौक से रजनी चौक होते हुए पॉलिटेक्निक चौक तक सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया।
राज्य सरकार के ‘जल-जीवन-हरियाली’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने मां पुरन देवी मंदिर परिसर में स्थित कुंड के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोक कलाकारों ने झिझिया नृत्य प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मां पुरन देवी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूर्णिया के जिला संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र में डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग के नवनिर्मित जिला स्तरीय कार्यालयों का निरीक्षण किया।
बयान के अनुसार, बाद में मुख्यमंत्री ने कटिहार जिले में 410 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की जिनमें 229 करोड़ रुपये की लागत वाली 257 योजनाओं का उद्घाटन और 181 करोड़ रुपये की लागत वाली 186 योजनाओं एवं परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन बाजार समिति (एपीएमसी) यार्ड, कटिहार (फेज-2) के नवीनीकरण और निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक तारकिशोर प्रसाद समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


