पटना, 28 अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन और ‘वृक्ष रक्षा दिवस’ के अवसर पर शुक्रवार को लोगों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक पेड़ को राखी बांधी।
मुख्यमंत्री के साथ पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद तथा विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर भी मौजूद थे। पेड़ को राखी बांधने के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य की राजधानी स्थित राजधानी वाटिका में एक पौधा भी लगाया।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (डीईएफसीसी) की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय ‘वृक्ष रक्षा दिवस’ कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, लोगों को पौधों एवं वृक्षों की रक्षा के लिए प्रेरित करना तथा बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण को बढ़ावा देना है।
विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया, “पृथ्वी पर जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने के लिए वृक्षों का रोपण और संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों के माध्यम से प्रदेशभर के लोग पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और वृक्षारोपण के महत्व के प्रति लगातार जागरूक हो रहे हैं।”
भाषा कैलाश मनीषा रंजन
रंजन