शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आवास पर जुटे छात्रों को शिकायतों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया

Ads

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आवास पर जुटे छात्रों को शिकायतों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 03:40 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 03:40 PM IST

पटना, 27 अगस्त (भाषा) बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के सरकारी आवास के बाहर बृहस्पतिवार को छात्रों का एक समूह जुटा, जहां मंत्री ने उन्हें शिकायतों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।

मंत्री ने छात्रों से बातचीत कर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित की जाने वाली शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई-4) समेत विभिन्न मांगों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।

प्रतियोगी परीक्षाओं में अधिक भर्तियां निकालने की मांग कर रहे छात्रों का समूह बिना पूर्व सूचना के मंत्री के आवास पहुंच गया। छात्रों के पहुंचने पर आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।

पटना के गर्दनीबाग में छात्रों के जारी प्रदर्शन के बीच बिहार सरकार ने हाल ही में बीपीएससी टीआरई-4 के 32,000 से अधिक शिक्षक पदों पर भर्ती की घोषणा की है।

तिवारी ने छात्रों से कहा, ‘‘राज्य के सभी जिलों में रिक्त पदों का आकलन किया जाएगा और उसके आधार पर नई भर्तियों की अधिसूचना जारी की जाएगी। अधिक भर्ती की पूरी संभावना खुली है। सरकार छात्रों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और संवाद के लिए हमेशा तैयार है।”

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और छात्रों को अभी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, क्योंकि आगे और भर्तियों की घोषणा की जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा, “मैं अपने विभाग के अधिकारियों से बातचीत करूंगा और छात्रों के हित में जो सर्वोत्तम होगा, वही किया जाएगा।”

भाषा कैलाश शफीक

शफीक