Women University In Bihar/Image Credit: X Handle
Women University In Bihar: पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरूवार को घोषणा की कि बिहार में एक महिला विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा, जहां कुलपति, प्रोफेसर, कर्मचारी और छात्राओं सहित शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक सभी महिलाएं होंगी। पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित बापू सभागार में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत-समृद्ध बिहार’ तथा ‘बहनों का सम्मान, सरकार की पहचान’ थीम आधारित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब महिलाएं समृद्ध होंगी, तभी बिहार समृद्ध होगा और भारत विकसित बनेगा। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने रक्षाबंधन से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार’ अभियान की शुरुआत की और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कई योजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक हजार छात्राओं को पीएचडी की पढ़ाई हेतु प्रतिमाह 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार में लगभग 4,600 शोधार्थी पीएचडी कर रहे हैं, जिनमें करीब 600 महिलाएं हैं। (Women University In Bihar) महिलाओं की सुरक्षा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों और जीविका समूहों के आसपास ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती सुनिश्चित की गई है। महिला पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई गई है ताकि छात्राओं और महिलाओं की शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके।
Women University In Bihar: मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिहार में लगभग 40 हजार महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, जो देश में सर्वाधिक है। सीएम चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने 31 मार्च 2027 तक 10 लाख ‘जीविका दीदी’ के घरों पर सौर पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पांच लाख महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 600 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इसके अलावा जीविका निधि से 10 हजार लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया तथा 112 ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य सशक्तीकरण पर राज्य सरकार 20 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार तथा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने भी संबोधित किया।
इन्हें भी पढ़ें:-