पटना, 27 सितंबर (भाषा) बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने दिसंबर में सेवानिवृत्त होने से पहले ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है और उन्हें राज्य का नया मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है।
राज्य के गृह विभाग की ओर से शनिवार देर रात जारी अधिसूचना के अनुसार, 1991 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी कुमार ने हाल में स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी लेने के बाद 25 सितंबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के लिए आवेदन किया था, जिसे सरकार ने “तत्काल प्रभाव से” मंजूर कर लिया है।
अधिसूचना में कहा गया है कि कुमार को “आवेदक की ओर से तीन महीने का नोटिस देने संबंधी नियमों में छूट देते हुए” स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति दी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी एक अन्य अधिसूचना के अनुसार, कुमार को “कार्यभार संभालने की तारीख से” मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) नियुक्त किया गया है।
भाषा आशीष अमित आशीष
आशीष