पटना में ओलावृष्टि और तेज बारिश, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

पटना में ओलावृष्टि और तेज बारिश, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

पटना में ओलावृष्टि और तेज बारिश, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
Modified Date: May 6, 2026 / 03:22 pm IST
Published Date: May 6, 2026 3:22 pm IST

पटना, छह मई (भाषा) बिहार के कई हिस्सों में बुधवार को मौसम अचानक बदल गया। राजधानी पटना में दोपहर में घने काले बादलों के कारण अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई और कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।

इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सात मई तक राज्य के उत्तर और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना बनी हुई है। विभाग के अनुसार, बेमौसम बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि ग्रामीण इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से लोगों में दहशत है।

विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आंधी और बारिश का सिलसिला फिलहाल जारी रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार किशनगंज, सुपौल, अररिया और खगड़िया समेत कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान बादल छाने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि आठ मई के बाद ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ होने की उम्मीद है। इस बीच, आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए ऊंचे पेड़, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।

भाषा कैलाश मनीषा अमित

अमित


लेखक के बारे में