पटना, 15 सितंबर (भाषा) बिहार में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर सोमवार को अभ्यर्थियों ने पटना में विरोध प्रदर्शन किया जिन्हें तितर-बितर करने के लिये पुलिस ने लाठी चार्ज किया। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि हाथों में तख्तियां लिए प्रदर्शनकारी पटना में डाक बंगला चौराहे पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी कांस्टेबल भर्ती के लिए कुल रिक्तियों और परीक्षा तिथि की घोषणा की मांग कर रहे थे।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने इस बारे में ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में डाक बंगला चौराहे पर जमा हुए और वाहनों की आवाजाही बाधित कर दी ।
अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अवरोधक तोड़ दिए और कोतवाली पुलिस स्टेशन के पास पहुंच गए, जो प्रतिबंधित क्षेत्र है।
शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों से मौके से हटने का अनुरोध किया गया, क्योंकि उनके प्रदर्शन से ट्रैफ़िक जाम हो गया था।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपील पर ध्यान नहीं दिया, तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
दूसरी ओर उम्मीदवारों ने दावा किया कि लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
भाषा कैलाश रंजन
रंजन