मोदी के खिलाफ टिप्पणी के लिए राहुल गांधी को बिहार चुनाव में कीमत चुकानी होगी : शाह
मोदी के खिलाफ टिप्पणी के लिए राहुल गांधी को बिहार चुनाव में कीमत चुकानी होगी : शाह
पटना, 29 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अपनी हालिया टिप्पणी और छठी मईया एवं उनके भक्तों का अपमान करने की ‘‘कीमत चुकानी पड़ेगी।’’
गांधी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कि प्रधानमंत्री मोदी वोट के लिए ‘नाच भी सकते हैं’, शाह ने एक समाचार चैनल ‘न्यूज 18 नेटवर्क’ के साथ एक साक्षात्कार के दौरान कहा, ‘राहुल गांधी को चुनावों में इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। राहुल ने मोदी के बारे में अपमानजनक तरीके से बात की और उनकी मां का अपमान किया, लेकिन जब भी उन्होंने ऐसा किया है, हर बार कीचड़ से कमल खिला है।’’
चैनल की विज्ञप्ति के अनुसार, शाह ने कहा, ‘राहुल गांधी ने मोदी का नहीं, बल्कि छठी मईया और उनके भक्तों का अपमान किया है। बिहार चुनाव में उन्हें इसका दुष्परिणाम भुगतना पड़ेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार के मतदाता छठी मईया और मोदी जी का अपमान नहीं भूलेंगे।’
अमित शाह की यह टिप्पणी गांधी द्वारा एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाने के बाद आयी है कि प्रधानमंत्री वोट के लिए ‘सब कुछ कर सकते हैं, यहां तक कि मंच पर नाच भी सकते हैं।’
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस टिप्पणी को लेकर तीखी राजनीतिक बहस छिड़ गई है। भाजपा ने कांग्रेस नेता गांधी पर मतदाताओं को नीचा दिखाने का आरोप लगाया है, जबकि विपक्ष राज्य में बेरोजगारी और शासन के मुद्दों को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साध रहा है।
शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार में सत्ता बरकरार रखता है तो मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहा है।
शाह ने कहा, ‘बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई रिक्ति नहीं है; यहां कोई भ्रम नहीं है। मैंने सिर्फ इतना कहा है कि हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि बिहार में राजग को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा।
यह पूछे जाने पर कि अगर राजग सत्ता बरकरार रखता है तो मुख्यमंत्री कौन होगा, शाह ने महागठबंधन की ‘वंशवादी’ राजनीति पर कटाक्ष किया और कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव चाहते हैं कि उनके बेटे तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनें और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी चाहती हैं कि उनके बेटे राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें।
उन्होंने कहा, ‘‘लालू जी चाहते हैं कि उनका बेटा मुख्यमंत्री बने और सोनिया जी के अनुसार, उनका बेटा प्रधानमंत्री बनना चाहिए। मैं उन दोनों को बताना चाहता हूं कि बिहार या दिल्ली में कोई जगह खाली नहीं है। दिल्ली में मोदी जी हैं और बिहार में नीतीश कुमार जी हैं।’’
केंद्रीय मंत्री शाह की यह टिप्पणी विपक्षी नेता तेजस्वी यादव द्वारा राजग पर निशाना साधने के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार सत्तारूढ़ गठबंधन में एक ‘कठपुतली’ हैं और अगर भाजपा सत्ता में लौटती है तो वह उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।
भाषा अमित रंजन
रंजन

Facebook


