रांची आरएसएस कार्यालय बम धमाके के मामले में एनआईए की पटना में दो फ्लैट पर छापेमारी

Ads

रांची आरएसएस कार्यालय बम धमाके के मामले में एनआईए की पटना में दो फ्लैट पर छापेमारी

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 11:02 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 11:02 PM IST

पटना, नौ सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के रांची स्थित कार्यालय में हुए बम धमाके के सिलसिले में बुधवार को पटना में एक व्यक्ति के दो फ्लैट पर छापेमारी की।

यह कार्रवाई जिले के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में की गई।

रांची में आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यालय को निशाना बनाकर जून के मध्य में पेट्रोल बम से हमला किया गया था।

पटना सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) मनोज कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “एनआईए की टीम दोपहर में यहां पहुंची और रांची स्थित आरएसएस कार्यालय बम धमाके के मामले में संदीप गुप्ता के दो फ्लैट पर तलाशी अभियान चलाया।”

उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान देर शाम तक जारी रहा और एनआईए की टीम गुप्ता के कब्जे से मिले दस्तावेजों तथा अन्य सामग्री की जांच कर रही है।

एसडीपीओ ने कहा कि जब एनआईए की टीम मौके पर पहुंची तो दोनों फ्लैट बंद थे, जिसके बाद तलाशी के लिए दरवाजे तोड़ने पड़े।

एनआईए ने मामले के संबंध में या तलाशी के दौरान बरामद की जा रही सामग्री की प्रकृति के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।

भाषा कैलाश सुरभि

सुरभि