राजद सांसद अभय कुशवाहा की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात से बिहार में सियासी चर्चाएं तेज
राजद सांसद अभय कुशवाहा की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात से बिहार में सियासी चर्चाएं तेज
पटना, 15 जुलाई (भाषा) बिहार के औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद अभय कुशवाहा की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात की तस्वीर बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मुलाकात को केवल औपचारिक भेंट के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह महज एक शिष्टाचार मुलाकात थी। इसके राजनीतिक मायने नहीं निकाले जाने चाहिए। सांसद अभय कुशवाहा अपने संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने गए थे।’’
हालांकि, राजनीतिक विश्लेषक अरुण कुमार पांडे का कहना है कि इस मुलाकात को बिहार की संभावित राजनीतिक हलचलों और भविष्य के राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अभय कुशवाहा पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल जनता दल (यूनाइटेड) के नेता रह चुके हैं और बाद में राजद में शामिल हुए थे।
इस संबंध में अभय कुशवाहा का पक्ष जानने के लिए ‘पीटीआई-भाषा’ ने उनसे कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


