बिहार विधानसभा में 24 अप्रैल को विश्वास मत पेश करेगी सम्राट चौधरी सरकार

बिहार विधानसभा में 24 अप्रैल को विश्वास मत पेश करेगी सम्राट चौधरी सरकार

बिहार विधानसभा में 24 अप्रैल को विश्वास मत पेश करेगी सम्राट चौधरी सरकार
Modified Date: April 23, 2026 / 06:49 pm IST
Published Date: April 23, 2026 6:49 pm IST

पटना, 23 अप्रैल (भाषा) बिहार में हाल ही में सत्ता संभालने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार 24 अप्रैल को विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पेश करेगी। इसके लिए बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सदन की बैठक आहूत की है, जिसकी कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगी।

विधानसभा सचिवालय द्वारा बृहस्पतिवार को जारी कार्यसूची के अनुसार, बैठक की शुरुआत अध्यक्ष के प्रारंभिक संबोधन से होगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री विश्वास मत प्रस्ताव पेश करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राजग के पास विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए पर्याप्त संख्या बल है। गठबंधन में भाजपा के 89, जनता दल (यूनाइटेड) के 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के चार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के चार विधायक हैं। इस प्रकार राजग के कुल 201 विधायक हैं।

हालांकि, पहले राजग के विधायकों की संख्या 202 थी, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने पर यह संख्या घटकर 201 रह गई।

सूत्रों के अनुसार राजग के सभी विधायकों को बृहस्पतिवार शाम तक पटना पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनी है।

वहीं, विपक्षी महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल के 25, कांग्रेस के छह, एआईएमआईएम के पांच, वाम दलों के तीन, बहुजन समाज पार्टी का एक तथा निर्दलीय विधायक आईपी गुप्ता का समर्थन शामिल है।

विधानसभा में संख्या बल को देखते हुए सम्राट चौधरी सरकार का विश्वास मत हासिल करना लगभग तय माना जा रहा है।

भाषा

कैलाश रवि कांत


लेखक के बारे में