दरभंगा हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, 148 यात्री सुरक्षित

दरभंगा हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, 148 यात्री सुरक्षित

दरभंगा हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, 148 यात्री सुरक्षित
Modified Date: June 30, 2026 / 04:33 pm IST
Published Date: June 30, 2026 4:33 pm IST

दरभंगा, 30 जून (भाषा) बिहार के दरभंगा हवाई अड्डे पर मुंबई से आए स्पाइसजेट के एक विमान का उतरते समय टायर फट गया। इस घटना में विमान में सवार करीब 148 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-115 सोमवार सुबह 9:48 बजे रनवे पर उतर रही थी, तभी विमान का एक टायर फट गया। यात्रियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा, जिससे विमान में तेज कंपन महसूस हुआ और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

दरभंगा हवाई अड्डे के निदेशक दिलीप कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई और सभी यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतार लिया गया। विमान के पूरी तरह रुकते ही हवाई अड्डा प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और सभी 148 यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।’

उन्होंने बताया कि घटना के बाद विमान को मुख्य रनवे से हटाकर एप्रन पर ले जाया गया, जहां तकनीकी जांच की गई और टायर फटने के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

निदेशक के अनुसार, टायर बदले जाने और संबंधित अधिकारियों से सभी आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद विमान को सोमवार शाम 6:13 बजे उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई।

भाषा

कैलाश रवि कांत


लेखक के बारे में