पटना, 21 अप्रैल (भाषा) बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार का मुख्य लक्ष्य है, साथ ही शिक्षकों के स्थानांतरण और पदस्थापन से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता में है।
चौधरी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विभागीय सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि जो भी नीतियां, प्रौद्योगिकी और प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए जाते हैं, उनका अंतिम उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से संतुलित और संतुष्ट शिक्षक ही बेहतर ढंग से शिक्षण कार्य कर सकते हैं और सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को पूरी ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा विद्यालयों में निर्धारित अवधि तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने शिक्षकों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन से संबंधित सॉफ्टवेयर प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
चौधरी ने कहा कि शिक्षकों की भर्ती के बाद उनके प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण बच्चों के शैक्षणिक विकास में सहायक सिद्ध हो सके। उन्होंने साथ ही, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ संचालित शैक्षणिक कार्यक्रमों के परिणाम और प्रभावों की समय-समय पर समीक्षा करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया के साथ-साथ शिक्षकों के प्रशिक्षण मॉड्यूल पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कक्षा-कक्ष अवलोकन, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद शैक्षणिक गुणवत्ता में आए सकारात्मक परिवर्तनों का नियमित मूल्यांकन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे शैक्षणिक अभियान का अंतिम लक्ष्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही है।
भाषा कैलाश अमित
अमित