तेजस्वी मुख्यमंत्री के उम्मीदवार बन सकते हैं, मुख्यमंत्री कभी नहीं: नित्यानंद राय
तेजस्वी मुख्यमंत्री के उम्मीदवार बन सकते हैं, मुख्यमंत्री कभी नहीं: नित्यानंद राय
पटना, 23 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने बृहस्पतिवार को कहा कि महागठबंधन ने भले ही तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया हो, लेकिन बिहार की जनता उन्हें कभी मुख्यमंत्री नहीं बनने देगी।
महागठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से दो सप्ताह पहले बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
राय ने संवाददाताओं से कहा, “तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तो हो सकते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री कभी नहीं बन सकते, क्योंकि लोकतंत्र में मुख्यमंत्री का चयन जनता करती है और जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास पर भरोसा करती है। बिहार ने पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकारा ही नहीं, बल्कि सराहा भी है।”
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उजियारपुर से सांसद नित्यानंद राय ने आरोप लगाया कि अगर गलती से भी तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बन गई तो बिहार में “फिर से जंगलराज लौट आएगा।”
उन्होंने कहा, “दिनदहाड़े हत्या, लूट, बलात्कार, जमीन-जायदाद की लूटपाट शुरू हो जाएगी और बिहार 1990 से 2005 के दौर में वापस चला जाएगा।”
राय ने दावा किया कि तेजस्वी यादव कांग्रेस और अन्य दलों पर दबाव डालकर मुख्यमंत्री उम्मीदवार तो बन गए हैं, लेकिन महागठबंधन के भीतर ही कई दल उन्हें स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “इस हकीकत को तेजस्वी यादव भी जानते हैं और उनके साथी दल भी।”
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर वह भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए तो खुद पर कार्रवाई करेंगे।
राय ने पलटवार करते हुए कहा, “तेजस्वी यादव खुद पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें, क्योंकि भ्रष्टाचार में वह और उनका पूरा परिवार लिप्त है। चाहे चारा घोटाला हो, अलकतरा, वर्दी, दूध या नौकरी के बदले जमीन घोटाला, इन सबमें उनका परिवार शामिल रहा है।”
राय ने आरोप लगाया कि 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने “अराजकता” फैलाई थी।
उन्होंने कहा, “7 नवंबर की शाम से लेकर 10 नवंबर की गिनती तक राजद के गुंडों ने पूरे बिहार में डर और दहशत का माहौल बना दिया था, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।”
राय ने दावा किया कि इस बार बिहार की जनता “विकसित बिहार” के संकल्प को मजबूत करने के लिए राजग के साथ है।
उन्होंने कहा, “14 नवंबर को एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन,(राजग) की विजय पताका पूरे बिहार में फहराएगी और महागठबंधन की करारी हार तय है।”
भाजपा नेता ने कहा कि बिहार अब विकास और खुशहाली की राह पर आगे बढ़ रहा है और “डबल इंजन की सरकार” ही इसे गति दे सकती है।
राय ने यह भी कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के विकास का सपना अब साकार होने जा रहा है।”
भाषा कैलाश
राजकुमार हक
हक

Facebook


