बुआ को बचाने के प्रयास में गंगा में डूबने से हुई तीन युवकों की मौत

बुआ को बचाने के प्रयास में गंगा में डूबने से हुई तीन युवकों की मौत

बुआ को बचाने के प्रयास में गंगा में डूबने से हुई तीन युवकों की मौत
Modified Date: March 11, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: March 11, 2026 8:29 pm IST

भागलपुर, 11 मार्च (भाषा) बिहार में भागलपुर जिले के घोघा थानाक्षेत्र में बुधवार को गंगा नदी में डूबने से एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब दो सगे भाइयों समेत तीन युवक गंगा में डूब रही अपनी बुआ को बचाने के लिए नदी में कूद गए।

पुलिस का कहना है कि गहरे पानी में चले जाने पर तीनों की डूबने से मौत हो गई, हालांकि उनकी बुआ बच गई।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान कृष्ण कुमार (26), उसके सगे भाई सनी कुमार (24) और बॉबी कुमार (26) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार यह परिवार दिल्ली में रहता है और मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने घोघा में अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था।

पुलिस का कहना है कि डूब रही महिला को बचा लिया गया और उसे एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह मुंडन कार्यक्रम के दौरान परिवार के लोग गंगा स्नान के लिए गए थे, उसी दौरान एक महिला डूबने लगी।

थाना प्रभारी के मुताबिक महिला को बचाने के प्रयास में तीनों युवक नदी में कूद पड़े, लेकिन तेज धारा में बहकर गहरे पानी में चले जाने से उनकी मौत हो गई।

पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल ले गयी है और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में