बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में लू का प्रकोप जारी

बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में लू का प्रकोप जारी

बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में लू का प्रकोप जारी
Modified Date: April 27, 2026 / 11:38 am IST
Published Date: April 27, 2026 11:38 am IST

पटना, 27 अप्रैल (भाषा) बिहार के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में जारी भीषण गर्मी के दौर के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 13 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का सोमवार को ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार कुछ जिलों में बारिश भी हुई हैं।

इसने बताया कि 13 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने तथा ओलावृष्टि के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल जिलों में अगले 48 घंटे में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है।

वहीं, इसके विपरीत राज्य के 25 अन्य जिलों, खास तौर पर दक्षिण-पश्चिम के हिस्सों में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

रोहतास जिले के डेहरी में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। राज्य के आठ जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

भोजपुर जिले में गर्मी के कारण एक महिला की मौत की भी सूचना है।

आईएमडी के अनुसार दक्षिण बिहार में अगले दो से तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और भीषण गर्मी का दौर जारी रह सकता है।

भाषा कैलाश अविनाश खारी

खारी


लेखक के बारे में