बिहार के गया में ट्रक से टकराकर कार में लगी आग, दो लोगों की जलकर मौत

बिहार के गया में ट्रक से टकराकर कार में लगी आग, दो लोगों की जलकर मौत

बिहार के गया में ट्रक से टकराकर कार में लगी आग, दो लोगों की जलकर मौत
Modified Date: July 9, 2026 / 01:33 pm IST
Published Date: July 9, 2026 1:33 pm IST

पटना, नौ जुलाई (भाषा) बिहार के गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार के तड़के एक कार के ट्रक से टकराने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे दो अज्ञात लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह हादसा रात करीब एक बजे पटना-डोभी राजमार्ग पर अमर बिगहा गांव के पास हुआ।

बोधगया थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ट्रक सड़क पर मुड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार ट्रक के ईंधन टैंक से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार में सवार दो लोगों के शव पूरी तरह जल गए और उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।’’

उन्होंने बताया कि शव इतने बुरी तरह झुलस गए हैं कि पुलिस अभी मृतकों के लिंग की भी पुष्टि नहीं कर पाई है।

सिंह ने बताया कि कार में सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘घायल व्यक्ति वैशाली जिले का रहने वाला है। उसके परिजन अस्पताल पहुंच चुके हैं। हालांकि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। कार पर झारखंड का पंजीकरण नंबर था।’’

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा कैलाश मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में