बिहार की नई सरकार में हुआ विभागों का वितरण,विजय कुमार चौधरी,बिजेंद्र प्रसाद यादव बने उपमुख्यमंत्री

Ads

बिहार की नई सरकार में हुआ विभागों का वितरण,विजय कुमार चौधरी,बिजेंद्र प्रसाद यादव बने उपमुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 06:35 PM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 06:35 PM IST

पटना, 15 अप्रैल (भाषा) बिहार में नवनिर्मित सम्राट चौधरी सरकार में बुधवार को विभागों का बंटवारा कर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने पास गृह, सतर्कता, राजस्व एवं भूमि सुधार और स्वास्थ्य समेत करीब 26 विभाग रखे हैं।

कैबिनेट सचिवालय विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री के अलावा शपथ लेने वाले दो नेताओं–विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है ।

मुख्यमंत्री के पास कृषि, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, आपदा प्रबंधन, पंचायती राज और उद्योग एवं अन्य कई विभाग भी हैं।

अधिसूचना के अनुसार, सम्राट चौधरी के पास कुल 26 विभाग हैं। वह उन सभी विभागों के भी प्रभारी होंगे जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं।

विजय कुमार चौधरी को कुल 10 विभाग दिए गए हैं, जिनमें जल संसाधन, संसदीय कार्य तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग आदि शामिल हैं। ये विभाग उन्होंने पूर्ववर्ती नीतीश कुमार सरकार में भी संभाले थे।

बिजेंद्र प्रसाद यादव को आठ विभागों की जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें ऊर्जा, वित्त, योजना एवं विकास आदि शामिल हैं। ये विभाग भी उनके पास पिछली सरकार में थे।

विधानसभा के वरिष्ठतम सदस्यों में शामिल यादव को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग भी दिया गया है, जो पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

सरकार में बदलाव से पहले इस बात की अटकलें लगाई जा रही थीं कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) गृह विभाग अपने पास रखना चाहेगा, क्योंकि इससे पुलिस पर नियंत्रण रहता है। जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने अपने लगभग 20 वर्षों के कार्यकाल में अधिकांश समय गृह विभाग अपने पास रखा था, लेकिन पिछले वर्ष नवंबर में लगातार पांचवीं बार सत्ता में वापसी के बाद उन्होंने इसे छोड़ने पर सहमति जताई थी।

उस समय उपमुख्यमंत्री रहे सम्राट चौधरी के पास ही गृह विभाग था।

भाषा कैलाश राजकुमार

राजकुमार