खाड़ी देशों में युद्ध संकट: प्रवासी बिहारियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

खाड़ी देशों में युद्ध संकट: प्रवासी बिहारियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

खाड़ी देशों में युद्ध संकट: प्रवासी बिहारियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
Modified Date: March 2, 2026 / 05:26 pm IST
Published Date: March 2, 2026 5:26 pm IST

पटना, दो मार्च (भाषा) खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध संकट के मद्देनजर बिहार सरकार ने वहां कार्यरत प्रवासी कामगारों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ने सोमवार को दिल्ली स्थित बिहार भवन के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 7217788114 जारी किया।

हेल्पलाइन जारी करते हुए विभाग के सचिव दीपक आनन्द ने कहा कि बिहार सरकार अपने नागरिकों और कामगारों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में मौजूदा तनावपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि संकट की स्थिति में कोई भी प्रवासी बिहारी स्वयं को अकेला महसूस न करे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से प्रवासी कामगार किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता अथवा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। विभाग की टीम 24 घंटे इसकी निगरानी कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

आनन्द ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विदेशों में कार्यरत बिहार के श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और उनके लिए सुविधाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने ऐसे प्रवासियों के परिजनों से भी अपील की कि यदि उनका कोई पारिवारिक सदस्य खाड़ी देशों में कार्यरत है और किसी प्रकार की परेशानी में है, तो वे इस हेल्पलाइन का उपयोग करें।

सरकार ने आश्वासन दिया है कि जरूरतमंद प्रवासियों तक सहायता पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

भाषा कैलाश रंजन नरेश

नरेश


लेखक के बारे में