आईआरएफसी ओएफएस में संस्थागत निवेशकों के कोटा को 1.59 गुना अभिदान
आईआरएफसी ओएफएस में संस्थागत निवेशकों के कोटा को 1.59 गुना अभिदान
नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) भारतीय रेल वित्त निगम (आईआरएफसी) में सरकार की दो प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने की योजना के तहत बिक्री पेशकश (ओएफएस) बुधवार को खुली। इस दौरान संस्थागत निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों से अधिक के लिए बोलियां लगाईं।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, गैर-खुदरा निवेशकों ने आईआरएफसी के 18.74 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोलियां लगाईं, जो उनके लिए आरक्षित 11.76 करोड़ शेयरों का 1.59 गुना है। बोलियों का सांकेतिक मूल्य 91.07 रुपये प्रति शेयर रहा।
सरकार आईआरएफसी में दो प्रतिशत तक हिस्सेदारी (यानी 26.13 करोड़ शेयर) 91 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर बेच रही है। इस बिक्री पेशकश में एक प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने का विकल्प भी शामिल है।
सरकार इस अतिरिक्त विकल्प का उपयोग करने या नहीं करने पर बुधवार को बाद में निर्णय करेगी।
खुदरा निवेशक इस शेयर बिक्री पेशकश में बृहस्पतिवार को बोली लगा सकेंगे।
चालू वित्त वर्ष में अब तक सरकार पांच केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों में अल्पांश हिस्सेदारी बेच चुकी है, जिससे कुल विनिवेश प्राप्ति 16,480 करोड़ रुपये हो गई है।
इसमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये, जीआईसी से 3,090 करोड़ रुपये, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया से 2,266 करोड़ रुपये और एनएलसी इंडिया से 1,223 करोड़ रुपये जुटाये गये हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


