दिल्ली में दो साल में बिकीं 18.61 करोड़ शराब की बोतल, भारतीय ब्रांड रहे आगे
दिल्ली में दो साल में बिकीं 18.61 करोड़ शराब की बोतल, भारतीय ब्रांड रहे आगे
(श्रुति भारद्वाज)
नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) दिल्ली पर्यटन विभाग की शराब की दुकानों से पिछले दो वित्त वर्षों में अलग-अलग आकार की कुल 18.61 करोड़ शराब की बोतल की बिक्री हुई। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिले जवाब के अनुसार, जुलाई के दौरान बीयर की बिक्री सबसे अधिक रही।
आरटीआई के जवाब के अनुसार, शराब की अन्य श्रेणियों में भारत में बनी विदेशी शराब (आईएमएफएल) की मांग आयातित विदेशी शराब (आईएफएल) की तुलना में काफी अधिक रही। दिल्ली पर्यटन विभाग की दुकानों से 2024-25 में करीब 4.14 करोड़ आईएमएफएल की बोतलें बिकीं, जबकि आईएफएल की बिक्री 22.72 लाख बोतल रही।
वित्त वर्ष 2025-26 में आईएमएफएल की बिक्री बढ़कर करीब 4.47 करोड़ बोतल हो गई, जबकि आईएफएल की बिक्री करीब 23.3 लाख बोतल रही।
आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में जनवरी के दौरान करीब 45.4 लाख आईएमएफएल बोतलें बिकीं। फरवरी में करीब 43.3 लाख और नवंबर में करीब 42.3 लाख बोतल की बिक्री हुई।
दिवाली और अन्य त्योहारों के कारण नवंबर में आईएमएफएल की बिक्री में पिछले महीने की तुलना में तेज वृद्धि हुई। अक्टूबर, 2025 में करीब 26.6 लाख बोतल बिकी थीं, जो नवंबर में बढ़कर करीब 42.3 लाख हो गईं।
होली के दौरान भी मार्च में आईएमएफएल की बिक्री बढ़ी। वित्त वर्ष 2025-26 में इस महीने करीब 37.9 लाख बोतलें बिकीं, जबकि पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में करीब 33.1 लाख बोतलें बिकी थीं।
आरटीआई के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में कुल शराब की बिक्री पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले बढ़ी। 2024-25 में करीब नौ करोड़ बोतल की बिक्री हुई थी, जो 2025-26 में बढ़कर करीब 9.61 करोड़ बोतल हो गई।
दिल्ली पर्यटन विभाग 233 शराब की दुकानें संचालित करता है, जहां 1,013 ब्रांड उपलब्ध हैं।
बीयर की बिक्री गर्मियों के महीनों में अधिक रही। जुलाई, 2024 में करीब 48.5 लाख बीयर की बोतलें बिकीं, जो दो साल की अवधि में किसी एक महीने की सबसे अधिक बिक्री थी। जुलाई, 2025 में भी करीब 42.4 लाख बीयर की बोतल बिकीं।
बीयर की बिक्री 2024-25 के करीब 3.51 करोड़ बोतल से बढ़कर 2025-26 में करीब 3.76 करोड़ बोतल हो गई। इस दौरान करीब 25 लाख अधिक बोतल बिकीं।
वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में भी बीयर की बिक्री में वृद्धि हुई। अक्टूबर से मार्च के बीच करीब 1.98 करोड़ बीयर की बोतल बिकीं, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में करीब 1.78 करोड़ बोतल बिकी थीं।
अप्रैल, 2025-26 में सभी श्रेणियों को मिलाकर करीब 83.5 लाख बोतल बिकीं, जबकि अप्रैल, 2024-25 में यह आंकड़ा करीब 69 लाख था। मई में करीब 80.3 लाख बोतल बिकीं, जबकि एक साल पहले इसी महीने में करीब 68.7 लाख बोतल बिकी थीं।
जून, 2025-26 में सभी श्रेणियों की कुल बिक्री सबसे अधिक रही और इस महीने करीब 93.9 लाख बोतल बिकीं।
नवंबर में भी बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। दिल्ली की शराब दुकानों से इस महीने सभी श्रेणियों की करीब 83.9 लाख बोतल बिकीं, जबकि नवंबर, 2024 में यह आंकड़ा करीब 67.7 लाख था।
भाषा
योगेश अजय
अजय

Facebook


