अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के लिए आए 2.31 लाख आवेदन
अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के लिए आए 2.31 लाख आवेदन
वाशिंगटन, पांच फरवरी (एपी) अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन करने वालों की संख्या पिछले सप्ताह बढ़ गई लेकिन अब भी यह पिछले कुछ वर्षों के ऐतिहासिक रूप से निचले स्तर के दायरे में बनी हुई है।
अमेरिकी श्रम विभाग ने बृहस्पतिवार को कहा कि 31 जनवरी को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारी भत्ते के लिए नए आवेदनों की संख्या 22,000 बढ़कर 2.31 लाख हो गई। इससे पिछले सप्ताह यह आंकड़ा 2.09 लाख था।
हालांकि, यह आधिकारिक आंकड़ा डेटा फर्म फैक्टसेट के विश्लेषक सर्वे में जताए गए 2.11 लाख आवेदनों के अनुमान से अधिक रहा।
बेरोजगारी भत्ते के आवेदन को आमतौर पर छंटनी के संकेतक और श्रम बाजार की सेहत का वास्तविकता के करीब माना जाता है।
पिछले एक साल में यूपीएस, अमेजन और डाउ सहित कई प्रमुख कंपनियों ने कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की है। एक दिन पहले ही मीडिया संस्थान ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ ने अपने एक-तिहाई कर्मचारियों की छंटनी की।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर में नियुक्तियां कमजोर रहीं। श्रम विभाग ने कहा कि नियोक्ताओं ने दिसंबर में केवल 50,000 नई नौकरियां जोड़ीं जबकि बेरोजगारी दर घटकर 4.4 प्रतिशत रही।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 के दौरान अमेरिकी अर्थव्यवस्था में कुल 5.84 लाख नौकरियां जुड़ीं, जो 2024 के मुकाबले काफी कम है। आंकड़े दर्शाते हैं कि अमेरिका में श्रम बाजार में भर्ती की रफ्तार धीमी पड़ गई है।
एपी प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


