‘हब एंड स्पोक’ उड़ानों के लिए 44 हवाई अड्डे विकसित करने की योजना, वैश्विक संपर्क बढ़ाने पर जोर

Ads

‘हब एंड स्पोक’ उड़ानों के लिए 44 हवाई अड्डे विकसित करने की योजना, वैश्विक संपर्क बढ़ाने पर जोर

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 10:16 AM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 10:16 AM IST

अमृतसर, 28 जुलाई (भाषा) सरकार का लक्ष्य चार ‘हब’ हवाई अड्डों सहित कुल 44 हवाई अड्डों का नेटवर्क विकसित करना है, ताकि अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को निर्बाध बनाया जा सके। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एयर इंडिया ने मंगलवार को अमृतसर से ‘हब एंड स्पोक’ (एचएंडएस) मॉडल के तहत उड़ानें शुरू कीं। वाराणसी के बाद यह दूसरा हवाई अड्डा है जहां से इस मॉडल के तहत उड़ानों का संचालन शुरू किया गया है।

एचएंडएस मॉडल के तहत छोटे हवाई अड्डों यानी ‘स्पोक’ से यात्रियों को बड़े हवाई अड्डों यानी ‘हब’ के जरिये अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंचने की सुविधा दी जाती है।

फिलहाल एक ‘हब’ हवाई अड्डा (दिल्ली) तथा दो ‘स्पोक’ हवाई अड्डे (वाराणसी और अमृतसर) हैं। अब अहमदाबाद में ‘स्पोक’ हवाई अड्डा विकसित किया जाएगा।

भारत को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने की इस योजना के तहत ‘हब’ हवाई अड्डों के माध्यम से छोटे व मझोले शहरों के हवाई अड्डों को अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से निर्बाध रूप से जोड़ा जाएगा।

अमृतसर हवाई अड्डे पर ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल की उड़ानों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि चार ‘हब’ और 40 अन्य हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे।

इस मॉडल के तहत एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के माध्यम से 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए संपर्क सुविधा उपलब्ध कराएगी।

नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश में कहा कि ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल भारत के लिए ‘‘विमानन संप्रभुता’’ और ‘‘अवसर’’ का मॉडल है।

उन्होंने कहा कि सरकार का अगले 10 वर्ष में 100 हवाई अड्डे तथा 200 ‘हेलीपोर्ट’ विकसित करने का लक्ष्य है।

इस मॉडल के तहत एयर इंडिया ने ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ानें शुरू की हैं, जिनसे प्रमुख ‘हब’ से इतर शहरों के यात्री अपने प्रस्थान हवाई अड्डे पर ही सामान जमा कर सकेंगे, आव्रजन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे और बिना किसी अतिरिक्त औपचारिकता के विदेश यात्रा कर सकेंगे।

विमानन कंपनी ने कहा कि अमृतसर से ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ानों के माध्यम से दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर यात्रियों को अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के शहरों सहित 27 विदेशी गंतव्यों तक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

एयर इंडिया ने मंगलवार से अमृतसर से प्रतिदिन ‘ईजी कनेक्ट’ की दो उड़ानें शुरू की हैं।

एयर इंडिया आने वाले सप्ताह में अहमदाबाद, गोवा, कोच्चि और अन्य भारतीय शहरों से भी ऐसी उड़ानें शुरू करेगी।

पहली ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा 25 जून को वाराणसी से शुरू की गई थी।

भाषा निहारिका

निहारिका