Safai Karmachari Bharti 2026 Notification: BJP सरकार नगरीय निकायों करेगी 24000 से अधिक पदों पर भर्ती, अनपढ़ लोग भी कर सकेंगे आवेदन, हर महीने इतने रुपए मिलेगा वेतन, जानिए कब से शुरू होगा आवेदन / image: AI Generated
जयपुर: Safai Karmachari Bharti 2026 Notification प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व तथा स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की यह भर्ती शहरी स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करने के साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सशक्त नगरीय निकायों के निर्माण व स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को भी गति देगी। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 15 अगस्त से 28 सितम्बर रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। भर्ती संबंधी विस्तृत विज्ञापन, निकायवार रिक्त पदों का विवरण, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
Safai Karmachari Bharti 2026 Notification भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 एवं समय-समय पर संशोधित प्रावधानों के अनुसार की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थी राजस्थान का मूल निवासी हो। संविदा सफाई कर्मचारी पद हेतु कोई शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी, 2027 को न्यूनतम 21 वर्ष तथा अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी। भर्ती में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थी के पास राज्य की किसी भी नगरीय निकाय में सफाई कार्य का न्यूनतम एक वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है। यह एक वर्ष का अनुभव लगातार अथवा अलग-अलग अवधियों को मिलाकर हो सकता है। अनुभव प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रारूप में संबंधित नगरीय निकाय अथवा अधिकृत संस्था द्वारा जारी किया जाना आवश्यक है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुभव प्रमाण-पत्र 1 अगस्त, 2026 के बाद तथा आवेदन की अंतिम तिथि से पूर्व जारी किया गया होना चाहिए। इससे पूर्व जारी अनुभव प्रमाण-पत्र मान्य नहीं होंगे। साथ ही अभ्यर्थियों को आवेदन से पूर्व अपना जनाधार कार्ड अद्यतन रखने की सलाह भी दी गई है। भर्ती प्रक्रिया में प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक ही नगरीय निकाय में आवेदन कर सकेगा। एक से अधिक नगरीय निकायों में आवेदन करने पर संबंधित अभ्यर्थी के सभी आवेदन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे।
यह भर्ती ‘राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022’ के तहत की जा रही है। संविदा के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को 7,410 रुपए प्रतिमाह का नियत मानदेय दिया जाएगा।
संविदा सफाई कर्मचारी पदों पर चयन सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा विकसित ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से लॉटरी प्रक्रिया द्वारा किया जाएगा। चयन में प्राथमिकता संबंधित नगरीय निकाय में एक वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को दी जाएगी। यदि पद रिक्त रहते हैं तो संबंधित जिले की अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों तथा उसके बाद राज्य की अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले पात्र अभ्यर्थियों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
चयनित संविदा सफाई कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने दीर्घकालिक सेवा सुरक्षा का भी प्रावधान किया है। राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के तहत संविदा कार्मिकों की संतोषजनक सेवा पूर्ण करने के उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य निष्पादन का मूल्यांकन किया जाएगा तथा मूल्यांकन में सफल पाए जाने पर उन्हें नियमानुसार नियमित नियुक्ति प्रदान की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा पूर्व की सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रियाओं के संबंध में पारित ऐसे आदेश, जिनमें याचिकाकर्ताओं को भर्ती में प्राथमिकता अथवा नियमितीकरण के निर्देश दिए गए हैं, के प्रकरणों में नियमानुसार प्राथमिकता प्रदान की जाएगी, बशर्ते संबंधित अभ्यर्थी उसी नगरीय निकाय में आवेदन करे। स्वायत्त शासन विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने तथा आवेदन से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेजों, जनाधार एवं अनुभव प्रमाण-पत्रों की वैधता सुनिश्चित करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें