ए-वन स्टील्स इंडिया ने आईपीओ के लिए 385-405 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया

Ads

ए-वन स्टील्स इंडिया ने आईपीओ के लिए 385-405 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 10:31 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) ए-वन स्टील्स इंडिया लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को अपने 405 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 385 से 405 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया। एकीकृत इस्पात विनिर्माता कंपनी प्राथमिक बाजार से पूंजी जुटाने की तैयारी कर रही है।

कंपनी के मसौदा दस्तावेजों के अनुसार, आईपीओ 24 सितंबर को बोली के लिए खुलेगा और 28 सितंबर को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशकों के लिए बोली 23 सितंबर को होगी।

इस आईपीओ में 355 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रवर्तक 50 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे।

बेंगलुरु मुख्यालय वाली कंपनी ने दिसंबर 2024 में दाखिल मसौदा दस्तावेजों में प्रस्तावित 650 करोड़ रुपये के निर्गम आकार को घटा दिया है।

नए शेयरों के निर्गम से मिलने वाली शुद्ध राशि में से 250 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ बकाया कर्ज के पूर्व भुगतान या आंशिक पुनर्भुगतान के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।

भाषा राजेश राजेश योगेश

योगेश