अगले सप्ताह दो कंपनियों के करीब 770 करोड़ रुपये के आईपीओ खुलेंगे

Ads

अगले सप्ताह दो कंपनियों के करीब 770 करोड़ रुपये के आईपीओ खुलेंगे

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 02:31 PM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 02:31 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) शेयर बाजार में अगले सप्ताह दो कंपनियों सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज और हेक्सागन न्यूट्रिशन के कुल लगभग 770 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) खुलने जा रहे हैं।

दोनों ही कंपनी के आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) है, इसलिए कंपनियों को इस सार्वजनिक निर्गम से कोई राशि प्राप्त नहीं होगी। पूरी राशि बिक्री करने वाले शेयरधारकों को जाएगी।

ये प्रस्ताव ऐसे समय में आ रहे हैं जब लगातार बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच शेयर बाजार में सुस्ती देखी जा रही है।

हाल के सप्ताहों में कई कंपनियों को आईपीओ के लिए नियामकीय मंजूरी मिली है, लेकिन अनिश्चित बाजार परिस्थितियों के कारण कई कंपनियों ने अपनी सूचिबद्धता योजनाएं टाल दी हैं।

सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज का आईपीओ तीन से पांच जून तक सार्वजनिक बिक्री के लिए खुला रहेगा, जबकि एंकर निवेशकों के लिए यह दो जून को खुलेगा।

गैर-लौह धातु पुनर्चक्रण क्षेत्र की इस कंपनी ने अपने 630.62 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 182 से 192 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।

दूसरी ओर, हेक्सागन न्यूट्रिशन का आईपीओ पांच जून को बिक्री के लिए खुलेगा और नौ जून को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली चार जून को निर्धारित की गई है।

कंपनी ने अपने 139 करोड़ रुपये के सार्वजनिक निर्गम के लिए 42-45 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। प्रस्तावित आईपीओ में प्रवर्तकों द्वारा 3.08 करोड़ से अधिक शेयरों का ओएफएस शामिल है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर निर्गम का आकार 138.87 करोड़ रुपये आंका गया है।

भाषा योगेश अजय

अजय