देश में बढ़ती निर्माण आवश्यकताओं के समर्थन देने के लिए अदाणी सीमेंट, नारेडको ने की साझेदारी
देश में बढ़ती निर्माण आवश्यकताओं के समर्थन देने के लिए अदाणी सीमेंट, नारेडको ने की साझेदारी
नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) अदाणी समूह की इकाई अदाणी सीमेंट और रियल एस्टेट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाला शीर्ष निकाय नारेडको ने बृहस्पतिवार को एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की।
बिल्डिंग सामग्री समाधान प्रदाता अदाणी सीमेंट और नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नारेडको) ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह साझेदारी भारत की तेजी से बढ़ती निर्माण आवश्यकताओं को समर्थन देने और ‘विकसित भारत 2047’ के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को योगदान देने के उद्देश्य से की गई है।
यह साझेदारी देशभर में आवासीय, वाणिज्यिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में गुणवत्ता, पर्यावरण अनुकूल उपायों और बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए की गई है। इसके अंतर्गत राजमिस्त्रियों और ठेकेदारों के लिए संयुक्त रूप से कौशल विकास और प्रमाणन कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि कार्यबल आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों और बदलते उद्योग मानकों से लैस हो सके।
बयान में कहा गया, ‘‘यह सहयोग ज्ञान साझा करने और तकनीकी आदान-प्रदान के लिए भी एक मंच का कार्य करेगा, जिससे उन्नत कंक्रीट समाधान, नवोन्मेषी निर्माण पद्धतियों और आधुनिक निर्माण सामग्रियों तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।’’
अदाणी समूह में सीमेंट कारोबार के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनोद बहेटी ने कहा, “यह साझेदारी…. ऐसे परिवेश के निर्माण की दिशा में एक कदम है, जहां गुणवत्ता, नवाचार और पर्यावरण अनुकूल पहल प्रत्येक परियोजना का अभिन्न हिस्सा हों।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नारेडको के साथ मिलकर हम रियल एस्टेट कंपनियों को उन्नत सामग्री और गहन तकनीकी सहयोग प्रदान करना चाहते हैं, जिससे परियोजनाएं और बेहतर हो सके।’’
नारेडको के अध्यक्ष परवीन जैन ने कहा, “यह साझेदारी रियल एस्टेट और निर्माण परिवेश में पर्यावरण अनुकूल कदम और जिम्मेदार गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। दोनों इकाइयां साथ मिलकर हरित भवन मानकों को बढ़ावा देने, सहयोग को मजबूत करने और सतत विकास के लिए अधिक अनुकूल रूपरेखा तैयार करने की दिशा में कार्य करेंगी।’’
भाषा
रमण अजय
अजय

Facebook


