अडाणी ग्रीन एनर्जी को अंतरराष्ट्रीय बैंकों से 40 करोड़ डॉलर का वित्तपोषण मिला
अडाणी ग्रीन एनर्जी को अंतरराष्ट्रीय बैंकों से 40 करोड़ डॉलर का वित्तपोषण मिला
नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) अडाणी ग्रीन एनर्जी लि. (एजीईएल) ने गुजरात और राजस्थान में 750 मेगावाट क्षमता की निर्माणाधीन सौर परियोजनाओं के लिए पांच अंतरराष्ट्रीय बैंकों के समूह से 40 करोड़ डॉलर का वित्तपोषण प्राप्त किया है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह बात कही।
इनमें से 500 मेगावाट क्षमता की परियोजना राजस्थान में विकसित की जा रही है। इस परियोजना को लेकर सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सेकी) के साथ दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौता है।
दूसरी परियोजना, 250 मेगावाट क्षमता की है। इसे दुनिया के सबसे बड़े नवीकरणीय ऊर्जा संकुल गुजरात के खावड़ा में विकसित किया जा रहा है।
जिन बैंकों ने मिलकर कर्ज दिया है, वे सहकारी राबोबैंक यू.ए., डीबीएस बैंक लि., इंटेसा सानपोलो एस.पी.ए., एमयूएफजी बैंक लि. और सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन हैं।
अडाणी ग्रीन एनर्जी के पास परिचालन में 10,934 मेगावाट क्षमता की परियोजनाएं हैं। इसमें 7,393 मेगावाट क्षमता की सौर परियोजनाएं, 1,401 मेगावाट क्षमता की पवन और 2,140 मेगावाट की पवन-सौर हाइब्रिड क्षमता शामिल हैं।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


