अदाणी पावर 4,194 करोड़ रुपये में जेपीवीएल में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी, तापीय परिसंपत्तियां खरीदेगी

अदाणी पावर 4,194 करोड़ रुपये में जेपीवीएल में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी, तापीय परिसंपत्तियां खरीदेगी

अदाणी पावर 4,194 करोड़ रुपये में जेपीवीएल में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी, तापीय परिसंपत्तियां खरीदेगी
Modified Date: May 21, 2026 / 10:49 am IST
Published Date: May 21, 2026 10:49 am IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) अदाणी पावर ने जयप्रकाश पावर वेंचर्स में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी और अन्य तापीय परिसंपत्तियां करीब 4,193.59 करोड़ रुपये में खरीदने के लिए जयप्रकाश एसोसिएट्स से अंतिम समझौते किए हैं।

अदाणी पावर ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने जयप्रकाश एसोसिएट्स के पास मौजूद जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड (जेपीवीएल) के 24 प्रतिशत शेयर के अधिग्रहण के लिए एक शेयर खरीद समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं।

इसके अलावा, अदाणी पावर ने जयप्रकाश एसोसिएट्स के चुर्क (उत्तर प्रदेश) स्थित 180 मेगावाट तापीय बिजली संयंत्र और अन्य संबंधित परिसंपत्तियों के अधिग्रहण के लिए एक व्यवसाय हस्तांतरण समझौता किया है। इनमें प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड में 11.49 प्रतिशत हिस्सेदारी भी शामिल है।

कंपनी के अनुसार, जयप्रकाश एसोसिएट्स के पास मौजूद जेपीवीएल की 24 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 2,993.60 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं चुर्क स्थित 180 मेगावाट तापीय संयंत्र व अन्य संबंधित परिसंपत्तियों के लिए 1,200 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।

अदाणी पावर ने 19 मार्च, 2026 को शेयर बाजार को सूचित किया था कि उसने जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के लिए राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) द्वारा स्वीकृत समाधान योजना के तहत ‘इम्प्लीमेंटिंग एंटिटी’ (कार्यान्वयन इकाई) बनने में अपनी सैद्धांतिक रुचि व्यक्त की है।

कंपनी ने कहा कि स्वीकृत समाधान योजना के क्रियान्वयन के तहत उसने जयप्रकाश एसोसिएट्स के साथ ये अंतिम समझौते किए हैं। इस सौदे को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से 26 अगस्त 2025 को ही मंजूरी मिल चुकी है।

स्वीकृत समाधान योजना को 17 मार्च, 2026 को राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की प्रयागराज पीठ ने मंजूरी दी थी। इसे राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण ने चार मई, 2026 के अपने आदेश में बरकरार रखा था।

जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड मुख्य रूप से तापीय और जल विद्युत उत्पादन के कारोबार में संलग्न है। इसके अलावा कोयला खनन, रेत खनन और सीमेंट ग्राइंडिंग का भी कार्य करती है।

जेपीवीएल वर्तमान में कुल 2,220 मेगावाट क्षमता वाले तीन बिजली संयंत्र, दो एमटीपीए की सीमेंट ग्राइंडिंग इकाई और 3.92 एमटीपीए की कोयला खदान संचालित करती है।

भाषा निहारिका

निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में