एयरोस्पेस कंपनी सिग्मा एडवांस्ड ने आंध्र के श्री सिटी में उत्पादन शुरू किया
एयरोस्पेस कंपनी सिग्मा एडवांस्ड ने आंध्र के श्री सिटी में उत्पादन शुरू किया
अमरावती, 10 सितंबर (भाषा) ब्रिटेन की एयरोस्पेस क्षेत्र की कंपनी सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में स्थित श्री सिटी में अपने संयंत्र में एयरोस्पेस कलपुर्जों का उत्पादन शुरू कर दिया है।
कंपनी ने संयंत्र की नींव रखने से आठ महीने के भीतर उत्पादन शुरू किया है। इसके साथ ही उसने भारत में एयरोस्पेस कलपुर्जा विनिर्माण के क्षेत्र में प्रवेश किया है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि श्री सिटी स्थित संयंत्र में उत्पादन शुरू होना आंध्र प्रदेश के एयरोस्पेस और उन्नत विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सिग्मा एडवांस्ड की 75,000 वर्ग फुट में फैली यह इकाई पांच लाख वर्ग फुट के परिसर का हिस्सा है।
कंपनी की योजना भारत में ब्रिटेन स्थित अपने परिचालन केंद्रों में उपलब्ध विनिर्माण क्षमताओं को विकसित करने और धीरे-धीरे एयरोस्पेस क्षेत्र की मूल्य श्रृंखला के बड़े हिस्से का काम भारत में करने की है। प्रस्तावित विस्तार के बाद विनिर्माण प्रक्रिया का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा भारत में किए जाने की उम्मीद है।
सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं कार्यकारी निदेशक सुनील कालिदिंडी ने कहा कि कंपनी ने आठ महीने में नए सिरे से स्थापित संयंत्र से एयरोस्पेस कलपुर्जों का उत्पादन शुरू कर दिया है।
भाषा अजय योगेश
अजय

Facebook


