महाराष्ट्र में ग्रामीण सड़क योजना के लिए एआईआईबी से 50 करोड़ डॉलर के कर्ज के प्रस्ताव को मंजूरी

Ads

महाराष्ट्र में ग्रामीण सड़क योजना के लिए एआईआईबी से 50 करोड़ डॉलर के कर्ज के प्रस्ताव को मंजूरी

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 03:30 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 03:30 PM IST

मुंबई, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण के कार्यों के लिए एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) से 50 करोड़ डॉलर का कर्ज लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

यहां आयोजित एक बैठक में, मंत्रिमंडल ने प्रमुख सड़क सुधार परियोजनाओं और मुंबई स्थित ‘क्लस्टर’ विश्वविद्यालय के विस्तार के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र राज्य सड़क सुधार परियोजना के लिए एआईआईबी और नव विकास बैंक (एनडीबी) से वित्तीय सहायता लेने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।

ये दोनों वित्तीय संस्थान राज्य में सड़क सुधार और विकास कार्यों के लिए 8,700 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे।

इस कोष से महाराष्ट्र में सड़क को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचा विकास में तेजी आएगी।

एक अन्य निर्णय में, मंत्रिमंडल ने छह कॉलेज को हैदराबाद (सिंध) राष्ट्रीय महाविद्यालय विश्वविद्यालय (मुंबई) क्लस्टर विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों के रूप में शामिल करने को मंजूरी दी।

क्लस्टर विश्वविद्यालय एक ऐसा शैक्षणिक मॉडल है जो एक सीमित भौगोलिक क्षेत्र में स्थित 4 से 5 कॉलेजों के संसाधनों, बुनियादी ढांचे और शिक्षकों को एक साथ मिलाकर एक एकीकृत विश्वविद्यालय का गठन करता है। इसका उपयोग मुख्य रूप से अत्यधिक बोझ से दबे राज्य विश्वविद्यालयों पर दबाव कम करने और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार करने के लिए किया जाता है।

ये संस्थान मुंबई में स्थित प्रिंसिपल के एम कुंदननी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, किशिनचंद चेल्लाराम लॉ कॉलेज, श्रीमती मिथिबाई मोतीराम कुंदननी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकॉनमिक्स, ऋषि दयाराम और सेठ हस्साराम नेशनल कॉलेज, सेठ वासियामुल्ल असोमुल्ल साइंस कॉलेज और थाडोमल शाहानी इंजीनियरिंग कॉलेज हैं।

बयान में आगे कहा गया है कि यह निर्णय क्लस्टर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने और उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने के उद्देश्य से लिया गया है।

भाषा रमण अजय

अजय