बिहार : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा का पटना के छात्रावास में मिला शव

Ads

बिहार : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा का पटना के छात्रावास में मिला शव

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 03:24 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 03:24 PM IST

पटना, दो जून (भाषा) बिहार के समस्तीपुर जिले की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा का शव मंगलवार को पटना स्थित उसके छात्रावास के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और उसने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह पिछले वर्ष दिसंबर में घर जाने के बाद करीब 10 दिन पहले ही वापस छात्रावास लौटी थी।

पटना सदर के पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिनव कुमार ने बताया कि पत्रकार नगर थाना पुलिस को सुबह करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि छात्रावास की अन्य छात्राओं ने उसके कमरे में छत से लटका हुआ शव देखा है।

उन्होंने बताया, ‘‘सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रावास परिसर को सील कर दिया गया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।’’

एएसपी ने कहा कि पुलिस ने छात्रा का पहचान पत्र, नोट्स, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

उन्होंने बताया कि छात्रा के परिजनों और अस्पताल प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। उसके माता-पिता के पटना पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जबकि अन्य रिश्तेदार वहां पहुंच चुके हैं।

कुमार ने कहा, ‘‘अब तक परिजनों ने किसी प्रकार की साजिश या हत्या की आशंका व्यक्त नहीं की है, लेकिन मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी। फिलहाल पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा विधि (लॉ) की पढ़ाई या उससे संबंधित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी, हालांकि इसकी पुष्टि उसके माता-पिता के पटना पहुंचने के बाद ही हो सकेगी।

भाषा कैलाश मनीषा रंजन

रंजन