नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) भारती एयरटेल ने ग्राहकों को वन-टाइम-पासवर्ड (ओटीपी) से संबंधित बैंक धोखाधड़ी के तेजी से बढ़ते खतरे के खिलाफ तत्काल आधार पर सुरक्षा प्रदान करने के लिए बुधवार को एआई-संचालित समाधान फ्रॉड अलर्ट का अनावरण किया।
एयरटेल की विज्ञप्ति में बताया गया कि जालसाज अक्सर डिलिवरी जैसी रोजमर्रा की सेवाओं के लिए ओटीपी से जुड़ी तात्कालिकता का फायदा उठाते हैं। वे ग्राहकों से उनके बैंकिंग लेन-देन के ओटीपी शेयर करवा लेते हैं, जिससे उनके खाते का पैसा चोरी होने का खतरा बढ़ जाता है।
एयरटेल की नई एआई-संचालित प्रणाली ऐसे संभावित खतरे की पहचान करती है और ग्राहकों को तुरंत सचेत करती है।
जब किसी संभावित जोखिम भरी कॉल के दौरान बैंकिंग ओटीपी का पता चलता है, तो एयरटेल तुरंत एक फ्रॉड अलर्ट भेजता है और ग्राहक को यह बताता है कि कॉल के दौरान बैंकिंग ओटीपी देने से उन्हें धोखाधड़ी का खतरा हो सकता है।
एयरटेल इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शाश्वत शर्मा ने कहा, ‘…हमने महसूस किया है कि डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित करने में वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) द्वारा निभाई गई मूलभूत भूमिका के बावजूद, आपराधिक रणनीति द्वारा उनकी दक्षता को अक्सर कम किया जा रहा है।’
भाषा योगेश अजय
अजय