उप्र: पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद किसान ने करंट लगाकर आत्महत्या की

Ads

उप्र: पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद किसान ने करंट लगाकर आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 09:04 PM IST

मथुरा, 11 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के खप्परपुर गांव में एक किसान ने अपनी पत्नी व बच्चों की हत्या करने के बाद करंट लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, इस कदम के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने बताया कि किसान के बैंक खाते में सात लाख रुपए मिले हैं और उसका खेत खरीदने वाले व्यक्ति पर भी इतनी ही रकम बकाया है।

महावन क्षेत्र की पुलिस उपाधीक्षक श्वेता वर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच एवं पोस्टमार्टम आदि से मिले साक्ष्यों से पता चला कि यह मामला सामूहिक रूप से आत्महत्या किए जाने का नहीं बल्कि पति द्वारा ही पहले पत्नी व बच्चों की हत्या करने व खुद को करंट लगाकर आत्महत्या करने का है।

उन्होंने बताया कि यह पता नहीं चल पाया है कि उसने ऐसा क्यों किया।

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार देर रात मृतक मनीष व उसकी पत्नी सीमा का अंतिम संस्कार महावन के ब्रह्माण्ड घाट स्थित श्मशान घाट पर कर दिया गया जबकि बच्चों के शव वहीं पास ही दफना दिए गए।

उन्होंने बताया कि इस दौरान उमड़ी भारी भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

इस दौरान उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, यातायात पुलिस के पुलिस अधीक्षक आदि मौजूद रहे।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र