अकासा एयर के सह-संस्थापक प्रवीण अय्यर का इस्तीफा

अकासा एयर के सह-संस्थापक प्रवीण अय्यर का इस्तीफा

अकासा एयर के सह-संस्थापक प्रवीण अय्यर का इस्तीफा
Modified Date: February 11, 2026 / 04:10 pm IST
Published Date: February 11, 2026 4:10 pm IST

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी प्रवीण अय्यर ने इस्तीफा दे दिया है।

एयरलाइन कंपनी में चार महीने के भीतर वरिष्ठ स्तर पर यह दूसरा इस्तीफा है।

अकासा एयर ने बुधवार को बयान में कहा कि पांच वर्ष की उल्लेखनीय यात्रा के बाद अय्यर ने अपने जीवन के अगले अध्याय की शुरुआत करने का निर्णय लिया है।

बयान में कहा गया कि वह कामकाज का सुचारू एवं व्यवस्थित हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए 30 अप्रैल, 2026 तक नेतृत्व दल के साथ मिलकर का करेंगे।

अय्यर, नीलू खत्री के बाद कंपनी छोड़ने वाले दूसरे सह-संस्थापक हैं। खत्री ने अक्टूबर 2025 में पद छोड़ा था।

अकासा एयर के वर्तमान में चार सह-संस्थापक आदित्य घोष, आनंद श्रीनिवासन, बेलसन कुटिन्हो और भाविन जोशी हैं।

श्रीनिवासन जो वर्तमान में मुख्य सूचना अधिकारी हैं, अब मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी का पदभार ग्रहण करेंगे। कंपनी ने मुख्य सूचना अधिकारी की तलाश शुरू कर दी है।

श्रीनिवासन के इस नए पदभार संभालने के बाद, एयरलाइन कंपनी का सूचना प्रौद्योगिकी विभाग मुख्य वित्त अधिकारी अंकुर गोयल के अधीन काम करेगा।

अय्यर ने कहा कि एक ‘‘असाधारण दल’’ का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कंपनी विकास के अपने अगले चरण के लिए अच्छी स्थिति में है।

संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दुबे ने कहा, ‘‘ हम कंपनी के प्रारंभिक वर्षों में उनके नेतृत्व, स्पष्ट सोच एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण के लिए आभारी हैं। मैं प्रवीण को उनके परामर्श व अकासा को खड़ा करने में उनके अमूल्य योगदान के लिए दिल से धन्यवाद देता हूं। साथ ही उन्हें और उनके परिवार को शुभकामनाएं देता हूं।’’

अकासा एयर ने सात अगस्त, 2022 से उड़ान संचालन शुरू किया था। एयरलाइन कंपनी ने परिचालन शुरू करने के चार साल से भी कम समय में अपने बेड़े को 33 बोइंग 737 मैक्स विमान तक बढ़ा लिया है, लेकिन इस दौरान उसको पायलट संबंधी मुद्दों तथा कुछ कमियों के लिए नियामकीय कार्रवाइयों सहित कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।

भाषा

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में