अमेजन के सीईओ जेसी भारत यात्रा पर, 300 से अधिक शहरों में ‘अमेजन नाउ’ के विस्तार की योजना
अमेजन के सीईओ जेसी भारत यात्रा पर, 300 से अधिक शहरों में ‘अमेजन नाउ’ के विस्तार की योजना
नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अमेजन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एंडी जेसी भारत दौरे पर हैं। कंपनी ने बुधवार को बताया कि वह अपनी त्वरित वाणिज्य सेवा ‘अमेजन नाउ’ का विस्तार 300 से अधिक शहरों तक करने की योजना बना रही है और देश का सबसे बड़ा ‘कुछ मिनट में आपूर्ति’ नेटवर्क स्थापित करने का लक्ष्य रखती है।
जेसी ने बुधवार सुबह मुंबई में अमेजन नाउ के एक ‘माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर’ का दौरा किया। यह उनके भारत दौरे का पहला चरण है। अमेजन ने हाल ही में 2030 तक भारत में 35 अरब अमेरिकी डॉलर के अतिरिक्त निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
यह कंपनी द्वारा अब तक किए गए 40 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश के अतिरिक्त होगा। इस निवेश का उद्देश्य कारोबार विस्तार, कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित डिजिटलीकरण, निर्यात संवर्धन और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।
कंपनी ने बयान में कहा, “एंडी जेसी ने अमेजन नाउ के एक ‘माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर’ का दौरा किया, जो कंपनी की अति-शीघ्र आपूर्ति सेवा को संचालित करता है। कंपनी की योजना इस सेवा का विस्तार भारत के 300 से अधिक शहरों तक करने की है।”
जेसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “भारत आकर और मुंबई के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में से एक में स्थित अमेजन नाउ के ‘माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर’ का दौरा कर प्रसन्नता हुई।”
उन्होंने कहा, “यह भारत में हमारा सबसे तेजी से बढ़ता ई-कॉमर्स कारोबार खंड है और हम देश का सबसे बड़ा ‘कुछ मिनट में आपूर्ति’ नेटवर्क बनाने की योजना के तहत इसका विस्तार 300 से अधिक शहरों में कर रहे हैं। यहां इस सेवा को विकसित करने के दौरान जो अनुभव मिला है, वह अब अमेरिका और दुनिया के अन्य देशों में इसके विस्तार में भी मदद कर रहा है।”
जेसी भारत में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और उद्यमियों से मुलाकात करेंगे। इस सप्ताह उनके दिल्ली आने की भी संभावना है।
जेसी ने कहा कि रोजमर्रा के उपयोग वाले सामान, शैंपू और शिशुओं से जुड़े उत्पाद जैसी तत्काल आवश्यकता की वस्तुएं ऑर्डर मिलने के कुछ ही मिनट के भीतर ग्राहकों तक पहुंचा दी जाती हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों को यह सेवा काफी पसंद आ रही है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


