अमेजन इंडिया ने अपनी हवाई मालढुलाई सेवा का गुवाहाटी, कोलकाता तक किया विस्तार

Ads

अमेजन इंडिया ने अपनी हवाई मालढुलाई सेवा का गुवाहाटी, कोलकाता तक किया विस्तार

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 04:50 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 04:50 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से अपने समर्पित हवाई मालढुलाई बेड़े ‘अमेजन एयर’ की सेवाओं का विस्तार गुवाहाटी और कोलकाता तक कर दिया है।

कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि 2023 में अमेजन एयर सेवा की शुरुआत के बाद से यह हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में सेवाएं दे रही थी। अब इसका विस्तार गुवाहाटी और कोलकाता तक विस्तार होने से माल भेजने की गति लगभग पांच गुना तक बढ़ने की उम्मीद है।

अमेजन के मुताबिक, इस हवाई मालढुलाई सेवा के विस्तार से पूर्वोत्तर के सभी सात राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में आपूर्ति को बढ़ावा मिलेगा।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से गुवाहाटी के लिए पहली अमेजन एयर उड़ान को झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने कहा कि गुवाहाटी तक अमेजन एयर सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र के विक्रेताओं को देशभर के ग्राहकों से जुड़ने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘लॉजिस्टिक अवसंरचना में इस तरह की प्रगति से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है। साथ ही अमेजन एयर सेवाओं के संचालन से रोजगार सृजन में और अधिक योगदान मिलने तथा क्षेत्र के समग्र आर्थिक वृद्धि को समर्थन मिलने की भी उम्मीद की जा रही है।

अमेजन में संचालन उपाध्यक्ष (भारत और ऑस्ट्रेलिया) अभिनव सिंह ने कहा कि अमेजन एयर सप्ताह में तीन दिन दो संकीर्ण-बॉडी मालवाहक विमानों का संचालन करती है। इस अवधि को छह से सात दिन तक बढ़ाने की योजना है।

सिंह ने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर के ग्राहकों को अब उनके ‘पैकेज’ (सामान) पांच गुना तेजी से मिलेंगे। पूर्वोत्तर भारत के विक्रेता अब भारत के हर एक कोने में ग्राहकों तक पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से पहुंच सकेंगे।’’

अमेजन इंडिया अपने खुद के मालवाहक विमानों के अलावा अन्य भारतीय विमानन कंपनियों की माल ढुलाई क्षमता का भी इस्तेमाल करती है।

भाषा निहारिका प्रेम

प्रेम