भारत में ‘अमेजन नाउ’ पर ऑर्डर में हर महीने 25 प्रतिशत की वृद्धिः अमेजन सीईओ

Ads

भारत में 'अमेजन नाउ' पर ऑर्डर में हर महीने 25 प्रतिशत की वृद्धिः अमेजन सीईओ

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 06:51 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 06:51 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन की त्वरित आपूर्ति सेवा ‘अमेजन नाउ’ को मिलने वाले ऑर्डर भारत में हर महीने 25 प्रतिशत की दर से बढ़ रहे हैं। कंपनी के शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अमेजन के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एंडी जेसी ने जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजों पर चर्चा के दौरान कहा कि ‘अमेजन नाउ’ सेवा के तहत 30 मिनट के भीतर हजारों उत्पादों को घरों तक पहुंचाया जाता है और इस सेवा का उपयोग शुरू करने के बाद ‘प्राइम’ ग्राहकों की खरीदारी की दर तीन गुना हो गई है।

भारत में ‘अमेजन नाउ’ सेवा की शुरुआत 2025 की पहली तिमाही में की गई थी। शुरुआत में इसे बेंगलुरु के कुछ क्षेत्रों तक ही सीमित रखा गया था लेकिन फिलहाल यह सेवा दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और बेंगलुरु में उपलब्ध है।

कंपनी ने कहा कि भारत में सफलता मिलने के बाद इस सेवा का विस्तार वैश्विक स्तर पर भी किया गया है और अब यह नौ देशों में करोड़ों ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।

अमेजन ने मार्च तिमाही में 181.5 अरब डॉलर की शुद्ध बिक्री दर्ज की, जो सालाना आधार पर 17 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान परिचालन आय बढ़कर 23.9 अरब डॉलर हो गई, जो एक साल पहले 18.4 अरब डॉलर थी।

भारत में क्विक कॉमर्स क्षेत्र में ‘अमेजन नाउ’ का मुकाबला ब्लिंकिट, स्विगी के इंस्टामार्ट, जेप्टो, फ्लिपकार्ट के मिनट्स मंच और टाटा समूह के बिगबास्केट जैसी कंपनियों से है।

अमेजन ने हाल ही में ‘अमेजन नाउ’ को देश के 100 शहरों तक विस्तार देने की घोषणा की है। हालांकि इसके लिए समयसीमा का खुलासा नहीं किया गया है।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण