मुंबई, चार जून (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे कमजोर होकर 95.83 (अस्थायी) पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बीच ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण घरेलू मुद्रा में यह गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में लंबा खिंचता संकट भारत के लिए एक बड़ा जोखिम है, क्योंकि देश अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर है।
बाजार प्रतिभागियों की नजर अब पांच जून को होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की समीक्षा पर है। मुद्रास्फीति, वृद्धि दर और रुपये की चाल पर इसका असर पड़ सकता है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय एमपीसी पांच जून को मौद्रिक नीति समीक्षा पेश करेगी।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.70 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान 95.85 के निचले और 95.59 के उच्च स्तर तक गया, और अंत में 95.83 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से सात पैसे कमजोर है।
रुपया बुधवार को 40 पैसे टूटकर 95.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.31 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.04 प्रतिशत गिरकर 95.81 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘वैश्विक तनाव और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में मजबूती के कारण हमें रुपये में नकारात्मक रुख के साथ कारोबार का अनुमान है। हालांकि, अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के मोर्चे पर किसी भी सकारात्मक विकास से घरेलू मुद्रा में तेज गिरावट रुक सकती है।’
चौधरी ने कहा कि कारोबारी आज अमेरिका के साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों और शुक्रवार को आने वाली गैर-कृषि वेतन रिपोर्ट से संकेत लेंगे। साथ ही निवेशक आरबीआई की मौद्रिक नीति के फैसले पर भी नजर रखेंगे।
उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर दर 95.40 से 96.15 के दायरे में रहने का अनुमान है।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स मामूली 13.84 अंक की बढ़त के साथ 74,360.01 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 10.95 अंक बढ़कर 23,416.55 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 5,616.56 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिक्री की।
भाषा योगेश रमण
रमण