नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) संयुक्त राष्ट्र की इकाई अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) समर्थित ‘एआई फॉर गुड ग्लोबल कमीशन’ में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक सुनील भारती मित्तल को संस्थापक सदस्यों के रूप में शामिल किया गया है।
कमीशन ने शुक्रवार को बयान में अंबानी और मित्तल को नवगठित आयोग के संस्थापक सदस्य एवं आयुक्त नामित किए जाने की जानकारी दी। इसमें कुल 44 सदस्य बनाए गए हैं।
‘एआई फॉर गुड ग्लोबल कमीशन’ ने कहा कि आयोग की सह-अध्यक्षता रवांडा के राष्ट्रपति पॉल कागामे और सेल्सफोर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्क बेनिओफ कर रहे हैं, जबकि आईटीयू की महासचिव डोरेन बोगदान-मार्टिन उपाध्यक्ष हैं।
बयान के मुताबिक, 40 से अधिक सदस्यों वाला यह आयोग कृत्रिम मेधा (एआई) पर भरोसा बढ़ाने, इसकी पहुंच का विस्तार करने और वैश्विक चुनौतियों के समाधान में इसके उपयोग को बढ़ावा देने पर काम करेगा।
इस आयोग की पहली बैठक सात-10 जुलाई को स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ‘एआई फॉर गुड ग्लोबल समिट 2026’ के दौरान होगी।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय