एएमएनएस इंडिया ने हजीरा में उत्पादन लाइन का किया उद्घाटन
एएमएनएस इंडिया ने हजीरा में उत्पादन लाइन का किया उद्घाटन
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) एएमएनएस ने गुजरात के हजीरा में मोटर वाहन उद्योग की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए अत्याधुनिक उच्च गुणवत्ता वाले स्टील (एएचएसएस) के विनिर्माण को लेकर एक नई उत्पादन लाइन के उद्घाटन की बृहस्पतिवार को घोषणा की।
कंपनी ने कहा कि यह नई लाइन उच्च गुणवत्ता वाले ‘कोल्ड-रोल्ड बेस स्टील’ का उत्पादन करेगी। इसका उपयोग मूल कंपनियों आर्सेलरमित्तल और निप्पॉन स्टील द्वारा विकसित पेटेंट स्टील समाधानों के निर्माण में किया जाएगा।
इस 20 लाख टन क्षमता वाली अत्याधुनिक पिकलिंग लाइन और टेंडम कोल्ड मिल (पीएलटीसीएम) को आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया लिमिटेड (एएमएनएस इंडिया) के हजीरा स्थित प्रमुख संयंत्र में 60,000 करोड़ रुपये के विस्तार परियोजना के तहत स्थापित किया गया है।
यह मोटर वाहन उद्योग की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए भारत को एएचएसएस उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
इसका उद्घाटन भारत में जापान के राजदूत केइची ओनो ने किया।
एएमएनएस इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दिलीप ओमेन ने कहा कि यह पहल आयात प्रतिस्थापन को बढ़ावा देगी, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाएगी और मोटर वाहन क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, हल्के व टिकाऊ परिवहन समाधानों की ओर अग्रसर करेगी।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


