अमृतांजन हेल्थकेयर का 2026-27 में एक लाख दवा दुकानों तक सीधी पहुंच का लक्ष्य

Ads

अमृतांजन हेल्थकेयर का 2026-27 में एक लाख दवा दुकानों तक सीधी पहुंच का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - August 30, 2026 / 01:41 PM IST,
    Updated On - August 30, 2026 / 01:41 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) अमृतांजन हेल्थकेयर चालू वित्त वर्ष में अपने कारोबार को बढ़ावा देने के लिए एक लाख दवा दुकानों तक सीधे पहुंच बनाने की योजना बना रही है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में दर्द निवारण और महिलाओं की स्वच्छता से जुड़े उत्पादों के क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन किया है।

कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस. शंभु प्रसाद ने वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि कंपनी का ध्यान दक्षिण और पूर्वी भारत के मजबूत बाजारों से आगे अपने वितरण नेटवर्क का विस्तार करने पर है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक लाख दवा दुकानों तक सीधे पहुंच बनाने का हमारा लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 में हासिल हो जाएगा। हम अपने पारंपरिक रूप से मजबूत बाजारों से आगे अपने ब्रांड की पहुंच और उपलब्धता बढ़ाना चाहते हैं।’’

अमृतांजन हेल्थकेयर ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने वितरण नेटवर्क में 44,000 नई दवा दुकानों को जोड़ा। कंपनी नए बाजारों में वितरण का विस्तार करने के साथ-साथ मौजूदा मजबूत बाजारों में भी अपनी पहुंच बढ़ा रही है।

वित्त वर्ष 2025-26 में दर्द निवारण और महिलाओं की स्वच्छता से जुड़े उत्पाद कंपनी की वृद्धि के प्रमुख आधार रहे। इसमें अमृतांजन और कॉम्फी ब्रांड ने प्रमुख भूमिका निभाई।

कंपनी अपनी ब्रांड रणनीति के तहत चालू वित्त वर्ष में सर्दी-जुकाम में नाक बंद होने की समस्या से राहत देने वाले ब्रांड ‘रिलीफ’ को नए रूप में बाजार में उतारने की भी योजना बना रही है।

कंपनी ने कहा कि उसे वित्त वर्ष 2026-27 में मांग के माहौल को लेकर भरोसा है। उसके विभिन्न उत्पादों में अलग-अलग मूल्य प्रस्ताव मांग को समर्थन दे रहे हैं।

कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में परिचालन राजस्व 11.23 प्रतिशत बढ़कर 502.55 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान उसका शुद्ध लाभ करीब 14 प्रतिशत बढ़कर 57.92 करोड़ रुपये रहा।

वित्त वर्ष 2025-26 में अमृतांजन ने वितरण, ब्रांड निर्माण, उत्पाद पोर्टफोलियो के विस्तार और कर्मचारियों की क्षमताओं को मजबूत करने के जरिये वृद्धि की प्राथमिकताओं पर काम किया।

भाषा योगेश अजय

अजय