आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ‘एमएसएमई ग्रोथ समिट’ का उद्घाटन किया, 38 पार्कों की रखी आधारशिला

Ads

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 'एमएसएमई ग्रोथ समिट' का उद्घाटन किया, 38 पार्कों की रखी आधारशिला

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 01:11 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 01:11 PM IST

विजयवाड़ा, 25 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से यहां ‘वन फैमिली-वन एंटरप्रेन्योर एमएसएमई ग्रोथ समिट 2026’ का उद्घाटन किया और 38 एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) पार्कों की आधारशिला रखी।

नायडू ने इस अवसर पर एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई उपायों की भी घोषणा की।

सरकार ने इस मौके पर मेटा, अमेजन और जोहो जैसी कंपनियों के साथ निवेश और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए समझौते किए।

इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 1,500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें एमएसएमई उद्यमी, पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थी, नीति-निर्माता और वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल थे।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि प्रस्तावित एमएसएमई पार्कों का उद्देश्य तुरंत उपयोग योग्य औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और राज्य में उद्योग स्थापित करने में सुगमता बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम और द्वितीय चरण में पहले ही 100 औद्योगिक पार्कों की आधारशिला रखी जा चुकी है, जिनमें से कुछ का उद्घाटन भी किया जा चुका है।

नायडू ने ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए रतन टाटा इनोवेशन हब के तहत कुप्पम, मंगलगिरी और पीठापुरम में ग्रामीण प्रौद्योगिकी कार्य समूह (आरयूटीएजी) स्मार्ट ग्राम केंद्र विस्तार केंद्र का भी उद्घाटन किया।

विज्ञप्ति में कहा गया कि सरकार ने आंध्र प्रदेश के 45 औद्योगिक क्षेत्र में साझा सुविधा केंद्र स्थापित करने के लिए 200 करोड़ रुपये जारी करने के आदेश भी दिए।

भाषा योगेश मनीषा

मनीषा